मुख्य ख़बरें

मेले में सुरक्षा तार-तार: नाच-गाने के शोर में दब गई नाबालिग की चीखें, सामूहिक दुष्कर्म से दहला क्षेत्र !

रात के समय मेले के दौरान हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस कर रही जांच

बालाघाट/लांजी। जिले की लांजी तहसील के ग्राम बड़गांव में आयोजित मंडई मेले के दौरान एक नाबालिग बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले में लांजी पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़गांव में मंडई मेले के अवसर पर रात्रि में नाच-गाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ युवकों द्वारा नाबालिग बालिका को जबरन अपने साथ ले जाने और खेत के पीछे उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

प्रारंभिक जानकारी में इस घटना में 8 से 10 युवकों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आरोपियों की वास्तविक संख्या और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए लांजी पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने सार्वजनिक आयोजनों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंडई जैसे बड़े सामाजिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण, पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।

सवाल यह भी है कि रात्रिकालीन कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं? हालांकि, घटना के संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नाबालिगों के विरुद्ध इस तरह के अपराधों में निष्पक्ष जांच, पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, दोष सिद्ध होने पर संबंधित आरोपियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button