Top-5देशमुख्य ख़बरें

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रालों की भीषण टक्कर, आग में जिंदा जला चालक

रेवाड़ी। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार तड़के मसानी बराज के पास दो ट्रालों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद एक ट्रॉले में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे में दूसरे ट्रॉले का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अलसुबह दोनों ट्रॉले हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान मसानी बराज के नजदीक आगे चल रहे ट्रॉले के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा ट्रॉला अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही देर में एक ट्रॉले में आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हाईवे पर आग की लपटें और धुआं उठता देखकर वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना संबंधित विभाग को दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रॉले में फंसे चालक की मौत हो चुकी थी। आग की चपेट में आने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। वहीं, दूसरे ट्रॉले का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हादसे के चलते जयपुर-दिल्ली हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब आधे घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण बाधित मार्ग को व्यवस्थित करने के बाद यातायात फिर से सुचारु हो सका। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button