स्टेशन में ट्रेन से छूटी महिला की रेलवे ने की मदद, अन्य ट्रेन से पहुंचाया मुंबई. Railways helped the woman who missed the train at the station

जबलपुर यशभारत। पंडित दीनदयाल उपाध्याय से मुंबई जा रही एक महिला सतना स्टेशन में कुछ कार्य के लिए ट्रेन से नीचे उतर गई इसी दौरान उक्त ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो गई जिसकी जानकारी स्टेशन के संबंधित अधिकारियों को लगते ही महिला को अन्य ट्रेन से मुंबई रवाना किया गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महिला सतना स्टेशन पर उतरी परंतु भीड़ अधिक होने के कारण ट्रेन में चढ़ नहीं पाईं। सीनियर डीसीएम डॉ. मधुर वर्मा के अनुसार विगत दिवस गहमर गाजीपुर की महिला यात्री जूही कुमारी गाड़ी संख्या 18609 में यात्रा कर रही थी जो सतना स्टेशन पर किसी कारण से स्टेशन पर उतर गई | फिर महिला यात्री की ट्रेन छूट जाने के कारण वह बहुत परेशान एवं चिंतित थी | ट्रेन जाने के बाद अकेली महिला यात्री ने सतना स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य से संपर्क किया | एसएमसी सतना ने मंडल कार्यालय जबलपुर में सूचना दी | इस पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक जबलपुर के निर्देश पर संबंधित महिला यात्री को गाड़ी संख्या 12142 में एचओ कोटा के अंतर्गत एस 1 कोच में 9 नंबर बर्थ आवंटित की गई | जिस पर उन्होंने सतना से मुंबई का सफर तय किया। रेल प्रशासन द्वारा की गई मदद पर महिला यात्री ने रेल प्रशासन का आभार प्रगट किया।