जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ महीने ही बचे हैं। और कांग्रेस ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दीं हैं। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 12 जून को शहर आ रही हैं। वे गौरीघाट स्थित नर्मदा नदी में 12 जून की सुबह 11 बजे पूजन अर्चन करके महाकौशल से विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगीं।
प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर मानस भवन में मंगलवार को कांग्रेस की कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई जिसमें कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं, नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई। विधायक तरूण भनोत ने बैठक में बताया कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का इच्छा थी कि वे नर्मदा जी का पूजन-अर्चन करके विधानसभा चुनाव का शंखनाद करें और अब 12 जून को ऐसा ही होने जा रहा है।
बैठक में जिम्मेदारों को सौंपे गए दायित्व
कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर विस्तृत मंथन हुआ और शहीद स्मारक गोलबाजार में आयोजित जनसभा में सभी स्तर पर तैयारियां पूरी करने की चर्चा के साथ सभी जिम्मेदारों को उनके दायित्व सौंपे गए। मानस भवन में आयोजित बैठक में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा, पूर्व मंत्री व विधायक तरुण भनोत, पूर्व मंत्री, विधायक लखन घनघोरिया, विधायक संजय यादव, विधायक विनय सक्सेना, नगर अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर अन्नू, ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन समेत युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
प्रियंका गांधी के पहली बार महाकौशल दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि लोग प्रियंका गांधी को सुनना चाहते हैं। जबलपुर दौरे के दौरान प्रियंका गांधी का रोड शो भी होगा। प्रियंका गांधी की जनसभा और रोड शो में शामिल होने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। इस दौरान शहर की ट्रेफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए करीब छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ये दिग्गज कार्यक्रम में रहेंगे शामिल
कार्यक्रम में प्रियंका गांधी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव जेपी अग्रवाल, राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, महिला प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष योगेश यादव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।