भोपाल को भिक्षामुक्त बनाने की मुहिम तेज

भोपाल को भिक्षामुक्त बनाने की मुहिम तेज
एम.पी. नगर में एसडीएम के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई
भोपाल,यश भारत। राजधानी को पूर्णतः भिक्षामुक्त शहर बनाने की दिशा में प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में भिक्षावृत्ति उन्मूलन बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को एम.पी. नगर क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया गया।
एसडीएम एम.पी. नगर, एल.के. खरे के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई। उनके साथ एसीपी मनीष भारद्वाज और एक संयुक्त प्रशासनिक टीम भी शामिल थी। टीम ने व्यापमं चौराहे पर भिक्षावृत्ति में संलग्न कई व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
राजस्थानी भिक्षुकों को दी गई समझाइश
अभियान के दौरान, राजस्थान से आए भिक्षुकों को समझाइश दी गई और उनसे आग्रह किया गया कि वे अपने गृह राज्य लौट जाएं। इसी प्रकार, भिक्षावृत्ति में संलग्न महिलाओं को भी चेतावनी देकर उनके घर भेजा गया।
सतत जारी रहेगी कार्रवाई: एसडीएम खरे
एसडीएम खरे ने स्पष्ट किया कि भिक्षावृत्ति उन्मूलन की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि भोपाल को जल्द से जल्द पूर्णतः भिक्षामुक्त शहर बनाया जा सके। उन्होंने इस पहल को केवल प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़ी पहल बताया और कहा कि इसमें सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और इस सामाजिक प्रयास को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।







