भोपाल

खुद को डीएसपी का भाई बताकर दोस्तों के साथ युवक को इनोवा से किया अगवा -चलती गाड़ी में युवक से की जमकर मारपीट, देर रात रानीकमलापति रेलवे स्टेशन पर मचाया उत्पात

खुद को डीएसपी का भाई बताकर दोस्तों के साथ युवक को इनोवा से किया अगवा
-चलती गाड़ी में युवक से की जमकर मारपीट, देर रात रानीकमलापति रेलवे स्टेशन पर मचाया उत्पात
भोपाल, यशभारत।
रानी कमलापति स्टेशन पर देर रात करीब 11 बजे थार और इनोवा में सवार होकर आए युवकों ने जमकर उत्पात मचाया और एक युवकको अगवा कर लिया। एक आरोपी खुद को डीएसपी का भाई बता रहा था। युवक को अगवा करने के बाद आरोपी उसे पीटते हुए कोलार तक ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उस युवक को छोड़ दिया। जीआरपी हबीबगंज को घटना के संबंध में एक शिकायती आवेदन मिला है। जिसकी जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
जीआरपी थाना पुलिस के मुताबिक ईश्वर नगर निवासी अनुराग तोमर बुधवार की रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ रानी कमलापति स्टेशन परिसर स्थित एक कैफे में चाय पीने के लिए पहुंचा था। जहां पर तीनों दोस्त चाय पी रहे थे, तभी इनोवा और थार में सवार 5-6 युवक वहां पर पहुंचे। किसी बात पर उनके बीच कहासुनी हुई तो इन युवकों ने अनुराग तोमर को जबरन इनोवा गाड़ी में बैठा कर अगवा कर लिया। जबकि उसके दोस्तों को डरा-धमका कर वहीं छोड़ दिया। इनोवा में बैठाते ही आरोपियों ने अनुराग के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोपी युवक इनोवा में अनुराग को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय से एमपी नगर, डीबी मॉल होते हुए कोलार स्थित जैन मंदिर के पास लेकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अनुराग के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की। बाद में उसे छोड़ दिया। देर रात अनुराग ने रानी कमलापति जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरियादी के बयान लेने व घटना की तस्दीक करने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
खुद को बता रहा था डीएसपी का भाई
पुलिस सूत्रों ने बताया इनोवा में सवार एक युवक खुद को डीएसपी का भाई बता रहा था। अनुराग को अगवा कर मारपीट करने में उसकी भूमिका मुख्य बताई गई है। हालांकि यह पता नहीं पता चल पाया है कि वह किस डीएसपी का भाई है। वह डीएसपी का भाई है भी या नहीं। या फिर केवल रौब दिखा कर धमकाने के लिए उसने डीएसपी का नाम का इस्तेमाल किया है। इस बात का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button