एम्स भोपाल और सिप्ला फाउंडेशन की हुई साझेदारी

एम्स भोपाल और सिप्ला फाउंडेशन की हुई साझेदारी
भोपाल, यश भारत। गंभीर और जीवन-सीमित बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने के लिए एम्स भोपाल और सिप्ला फाउंडेशन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। साझेदारी के तहत भोपाल सहित मध्य भारत में उपशामक देखभाल सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। इस पहल में मरीजों को दर्द से राहत, मानसिक और भावनात्मक सहयोग के साथ बेहतर चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को दर्द एवं बीमारी के लक्षणों के बेहतर प्रबंधन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्नत अवस्था के कैंसर सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए घर पर ही उपशामक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। इससे मरीजों को बार-बार अस्पताल आने की परेशानी कम होगी और वे परिवार के बीच अधिक आराम एवं गरिमा के साथ रह सकेंगे। एम्स भोपाल की उपशामक देखभाल इकाई के प्रभारी डॉ. अनुज जैन ने बताया कि गंभीर बीमारी में उपचार के साथ दर्द से राहत और भावनात्मक सहयोग भी बेहद जरूरी है। समझौते के तहत आम लोगों में उपशामक देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर भी काम किया जाएगा। यह पहल एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोतवाल के प्रशासनिक सहयोग से आगे बढ़ाई जाएगी।







