भोपालमध्य प्रदेश

सरकारी नहरों पर खड़े हो गए पेट्रोल पंप और कॉलोनियाँ, कांग्रेस का बड़ा हमला

सरकारी नहरों पर खड़े हो गए पेट्रोल पंप और कॉलोनियाँ, कांग्रेस का बड़ा हमला

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विदिशा जिले में भू-माफियाओं के बढ़ते आतंक और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने आज भोपाल में एक प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि विदिशा में भाजपा ‘मास्टर प्लान’ के बजाय माफिया प्लान पर काम कर रही है।

नहर की जमीन हड़पी, प्रशासन बना मूकदर्शक
आनंद जाट ने खुलासा किया कि 1999 में बंद हो चुकी विदिशा उद्वहन सिंचाई परियोजना के तहत किसानों से मुआवजा देकर अधिग्रहित की गई बेशकीमती जमीन पर अब भू-माफियाओं का कब्जा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नहरों को समतल कर वहां रसूखदारों ने आलीशान मकान, व्यावसायिक कॉलोनियां और पेट्रोल पंप बना लिए हैं। प्रवक्ता ने दावा किया कि जल संसाधन विभाग के चंबल-बेतवा कछार के प्रमुख अभियंता द्वारा कलेक्टर को कई बार पत्र लिखने के बावजूद प्रशासन केवल ‘लेटर-लेटर’ का खेल खेल रहा है, जबकि धरातल पर कार्रवाई शून्य है।

मामा ही माफिया का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता ने सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया तंत्र को 2005 के बाद ही खाद-पानी मिला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, सच तो यह है कि मामा ही माफिया हैं।

खोखले साबित हुए सुराज कॉलोनी के वादे
कांग्रेस ने याद दिलाया कि 30 दिसंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने माफियाओं से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए सुराज कॉलोनी बनाने का वादा किया था। आनंद जाट ने आरोप लगाया कि हकीकत यह है कि विदिशा में एक इंच जमीन भी माफियाओं से मुक्त नहीं कराई गई और गरीबों को आवास के बजाय रसूखदारों के कब्जे और मजबूत होते दिखे।

आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने मांग की है कि सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माणों को तुरंत ढहाया जाए और दोषी भू-माफियाओं व संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर आपराधिक मामले दर्ज हों। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button