भोपालमध्य प्रदेश

भोजवैट लैंड के आदेश पर बड़ा तालाब का सीमांकन करने उतरेगा राजस्व अमला 

सर्वे के बाद तैयार की जाएगी रिपोर्ट फिर होगी कार्रवाई 

भोजवैट लैंड के आदेश पर बड़ा तालाब का सीमांकन करने उतरेगा राजस्व अमला 

– सर्वे के बाद तैयार की जाएगी रिपोर्ट फिर होगी कार्रवाई 

भोपाल यशभारत। भोजवैट लैंड के आदेश जारी होने के बाद अब राजस्व अमला बड़ा तालाब की हद जानने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए तालाब के आसपास के इलाकों में सर्वे करने की तैयारी की जा रही है। बुधवार को 15 पटवारी राजस्व संबंधी जानकारी जुटाएंगे। गौरतलब है कि पहले भी कई बार सर्वे और सीमांकन किया जा चुका है, लेकिन उसके बाद भी कब्जों पर बुलडोजर नहीं चल पाया। प्रशासन अब इस बार की कार्रवाई को निर्णायक रूप देने की तैयारी में है। राजधानी की पहचान और जीवनरेखा माने जाने वाले बड़ा तालाब की हद आखिर कहां तक है, यह तय करने बुधवार से एक बार फिर प्रशासन मैदान में उतरने जा रहा है। पटवारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक शामिल होंगे। प्रशासन की यह बड़ी कवायद तालाब के चारों ओर बढ़ते अवैध निर्माणों और कब्जों को चिन्हित करने के लिए की जा रही है।
बैरागढ़ की तरफ से सीमांकन कार्य शुरू किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) और वन विभाग की टीम तालाब के किनारों की नप्ती करेगी। टीम का मकसद यह पता लगाना है कि तालाब के चारों ओर कितने मैरिज गार्डन, फैक्टरियां, कॉलेज, स्कूल, फॉर्म हाउस और आवासीय मकान बने हैं और इनमें से कितने निर्माण तालाब की सीमा में अतिक्रमण कर रहे हैं।

1759920929 WhatsApp Image 2025 10 08 at 14.42.38

रेतघाट से खानूगांव तक सीमांकन पूरा
जिला प्रशासन ने कुछ दिन पहले ही रेतघाट से खानूगांव तक सीमांकन का पहला चरण पूरा किया था। इस दौरान झील की जमीन पर कई जगह कब्जे पाए गए थे। कई नामी गार्डन, निजी संस्थान और बाउंड्रीवॉल झील के हिस्से में बनी मिलीं। अब अगला चरण बैरागढ़ क्षेत्र में भैंसाखेड़ी तक किया जाएगा।

नप्ती में खुलेगा कब्जों का राज
सीमांकन के दौरान केवल सीमा रेखा ही नहीं, बल्कि नप्ती यानी वास्तविक भूमि माप भी की जाएगी। नप्ती के बाद यह स्पष्ट होगा कि झील के क्षेत्र में किसके नाम से कौन-सी जमीन दर्ज है और किन लोगों ने अवैध रूप से निर्माण कर लिया है। प्रशासन का मानना है कि नप्ती से झील क्षेत्र में फैले अतिक्रमणों का पूरा नक्शा सामने आ जाएगा।

सर्वे किया जा रहा है 
राजस्व टीम बड़ा तालाब सहित आसपास के इलाकों का सर्वे करेगी। कुछ जगहों पर विवाद सामने आए हैं इन विवाद के निपटारे के लिए ही यह सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान जो जानकारी सामने आएगी उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को दी जाएगी। प्रशासन के निर्देशानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
– हर्ष विक्रम सिंह, तहसीलदार, बैरागढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button