न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति ने दुर्गा महोत्सव की भव्य तैयारी – कृष्ण जन्मभूमि पर आधारित झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र

न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति ने दुर्गा महोत्सव की भव्य तैयारी
– कृष्ण जन्मभूमि पर आधारित झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र
भोपाल यशभारत। राजधानी के प्रमुख आयोजनों में शामिल न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति इस बार भी पूरे वैभव और उत्साह के साथ दुर्गोत्सव का आयोजन करने जा रही है। समिति पिछले 60 वर्षों से लगातार दुर्गा प्रतिमा की स्थापना कर रही है। हर साल की तरह इस बार भी समिति ने भव्य और अद्वितीय थीम का चुनाव किया है। इस वर्ष झांकी कृष्ण जन्मभूमि, मथुरा पर आधारित होगी।
भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंग दर्शाया जाएगा
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि झांकी को विशेष रूप से 12 हिस्सों में बांटा गया है, जहां भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। जन्मभूमि कारागार से लेकर बाल लीलाओं और मथुरा की गलियों का चित्रण झांकी में किया जाएगा। इसमें भक्तों को ऐसा अनुभव होगा मानो वे सीधे मथुरा की धरती पर पहुंचे हों।
प्रतिमा और विशेष आकर्षण
इस बार माता दुर्गा की प्रतिमा के साथ-साथ प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि यह श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा और लोग आस्था के साथ दर्शन करेंगे।
जिम्मेदारी और प्रबंधन
व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भूमिका वरदानी संभालेंगी। समिति ने बताया कि पूजा-पाठ से लेकर भंडारे, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकी के संचालन तक की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। महिलाओं की भागीदारी इस आयोजन में विशेष रूप से दिखाई देगी।
प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक आयोजन
समिति ने इस बार कई तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन रखा है, जिनमें सांस्कृतिक नृत्य, भजन संध्या, चित्रकला और कृष्ण लीला से जुड़ी नाट्य प्रतियोगिता शामिल होगी। बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से जोडऩे के लिए प्रतियोगिताओं में आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।
आकर्षक साज-सज्जा
पूरे न्यू मार्केट क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से निखारा जाएगा। झांकी स्थल पर विशेष लाइटिंग, फूलों की सजावट और थीम आधारित कलात्मक निर्माण कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालु यहां आकर न केवल मां दुर्गा के दर्शन करेंगे बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लेंगे। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि न्यू मार्केट की दुर्गा प्रतिमा और झांकी हर साल अनोखी होती है। इस बार कृष्ण जन्मभूमि की झांकी से भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव होगा। लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर माता दुर्गा और भगवान कृष्ण के दर्शन करेंगे।
आकर्षक रहेगा स्वरूप, सुरक्षा का रखेंगे ध्यान
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मां दुर्गा उत्सव का अयोजन भव्य रहेगा। विभिन्न अयोजन किए जाएंगे। दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा क विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समिति के सभी सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
– पवन वरदानी, अध्यक्ष न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति






