रॉयल एनफील्ड,नाम बड़े, दर्शन छोटे जबलपुर शोरूम पर ग्राहक से धोखाधड़ी का आरोप

रॉयल एनफील्ड,नाम बड़े, दर्शन छोटे जबलपुर शोरूम पर ग्राहक से धोखाधड़ी का आरोप

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर शहर के नेपियर टाउन स्थित Royal Enfield शोरूम पर गंभीर आरोप लगे हैं। मझौली निवासी शुभम कुमार सिंह ने शोरूम प्रबंधन पर धोखाधड़ी करने और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। शुभम सिंह का दावा है कि उन्होंने 30 अप्रैल 2025 को Royal Enfield Classic 350 CC बाइक खरीदी, लेकिन उन्हें जो वाहन सौंपा गया वह पुरानी, क्षतिग्रस्त और संभवतः एक्सीडेंटल था।
ग्राहक का आरोप: शुभम सिंह के अनुसार, बाइक की डिलीवरी शाम 5 बजे से 10 बजे के बीच की गई थी। डिलीवरी के दौरान उन्होंने बाइक की हालत पर आपत्ति जताई, लेकिन स्टाफ ने जल्दबाज़ी में वाहन सौंप दिया। इसके बाद जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की मांग की, तो शोरूम स्टाफ ने टालमटोल रवैया अपनाया और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

कई बार लगाए चक्कर, नहीं मिला समाधान
शुभम सिंह का कहना है कि वे बीते कई दिनों से शोरूम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें संतोषजनक उत्तर मिला और न ही कोई दस्तावेज़ी सबूत। उनका मानना है कि सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ सकती है और इसी आधार पर वे अब उपभोक्ता न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।

भारत का उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 इस तरह की स्थितियों में ग्राहकों को स्पष्ट सुरक्षा प्रदान करता है। अगर किसी उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी होती है या वह अनुचित व्यापारिक गतिविधियों का शिकार होता है, तो वह उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करा सकता है। दोष सिद्ध होने पर विक्रेता के विरुद्ध जुर्माना, मुआवज़ा और कानूनी कार्रवाई संभव है।







