डेढ़ साल पुरानी आपसी बुराई के चलते युवक की हत्या, छोटा भाई गंभीर रूप से घायल: पुलिस ने 5 को हिरासत में लिया

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के संत रविदास वार्ड में शनिवार की रात क़रीब 8 बजे पुरानी बुराई के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरविंद अहिरवार (35) निवासी संत रविदास वार्ड के रूप में हुई है। मारपीट और बीच-बचाव में उसका छोटा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मोतीनगर थाना टीआई जसवंत सिंह राजपूत द्वारा यश भारत के संभागीय ब्यूरो को दी गई जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और उनमें करीब डेढ़ साल से आपसी विवाद चल रहा था। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक युवक पर रॉड व डंडों से बेरहमी के साथ हमला करते दिख रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक का छोटा भाई साहब अहिरवार अपने घर के पास संत रविदास मंदिर के बाहर बैठा था, तभी उसका विवाद रिश्तेदार जीवन लाल अहिरवार, प्रभु दास अहिरवार और कुछ अन्य लोगों से हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अरविंद पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडों और खपचे (कैंची) से हमला कर दिया। इस दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है तथा कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।







