जुए के अड्डे से 9 जुआरी गिरफ्तार : 3 देशी पिस्टल, 12 कारतूस, 72 हजार नगद व 11 लग्जरी गाड़ियां जब्त; 50 लाख का मशरूका बरामद

गोटेगांव । पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत गोटेगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, 72,070 रुपए नगद व 7 चार पहिया-4 दो पहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है।
*ऐसे मारा छापा*
दिनांक 01/07/2026 को एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा को सम्मान पटेल के घर में जुआ चलने की सूचना मिली थी। निर्देश पर एसडीओपी मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप सराफ के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। मौके पर हार-जीत का दाव लगाते 9 आरोपी पकड़े गए। कई जुआरी अपने वाहन छोड़कर भाग गए।
तलाशी में स्कॉर्पियो वाहन से 3 देशी पिस्टल व 12 जिंदा कारतूस मिले। मौके से स्कॉर्पियो, अल्टो, अर्टिका, किया समेत 7 लग्जरी कारें और 4 दो पहिया वाहन जब्त किए गए। ताश के पत्तों के साथ 72,070 रुपए नगद बरामद हुए।
पुलिस ने राकेश गुप्ता 44 वर्ष बहोरीबंद कटनी, रमाकांत कौरव 27 वर्ष गाडरवारा, अनिल साहू 37 वर्ष स्लामाबाद कटनी, शेख इस्लाम पाटन जबलपुर, महेन्द्र पटेल 47 वर्ष तेन्दूखेड़ा, राजेश वैष्णव 55 वर्ष करकबेल, शंभू ठाकुर 26 वर्ष कटंगी जबलपुर, राजसिंह पाटन जबलपुर, दीपक तिवारी 30 वर्ष बहोरीबंद कटनी को गिरफ्तार किया है। नीरज पटेल, चंदन पटेल निवासी गोटेगांव व एक स्कॉर्पियो चालक फरार हैं।







