जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

जनजातीय संस्कृति हमारी आत्मा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जनजातीय गौरव वर्ष राष्ट्रीय सम्मेलन 2025

जनजातीय संस्कृति हमारी आत्मा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जनजातीय गौरव वर्ष राष्ट्रीय सम्मेलन 2025

भोपाल, 12 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला प्रदेश है और हमें इस पर गर्व है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव वर्ष के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ऑल इंडिया एनजीओ मीट का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जनजातीय जननायकों की जीवनी को स्कूल और कॉलेज के पाठ्यक्रमों में शामिल किया गया है ताकि नई पीढ़ी अपने वास्तविक नायकों से परिचित हो सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समुदाय के कल्याण में गैर-सरकारी संस्थाओं की भूमिका अहम है और सरकार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और टंट्या मामा भील जैसे जननायकों की स्मृति में स्मारक और विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव और सम्मान को नया आयाम मिला है। पीएम जन-मन और धरती आबा जैसे अभियान जनजातीय सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय की उपमहानिदेशक सुश्री अंशु सिंह ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, पर अभी और प्रयासों की जरूरत है।

कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में देशभर से आए एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button