भोपाल और इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से शुरू होगा एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड, सफर बनेगा और भी आसान व किफायती

भोपाल और इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से शुरू होगा एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड, सफर बनेगा और भी आसान व किफायती
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश के दो प्रमुख महानगरों भोपाल और इंदौर में मेट्रो सफर को आधुनिक, सुगम और किफायती बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए आगामी 12 नवंबर से दोनों शहरों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड स्मार्ट कार्ड की सेवा शुरू होने जा रही है। इस कार्ड के आने से यात्रियों को हर बार टिकट खरीदने की लंबी कतारों से मुक्ति मिल जाएगी और वे आसानी से मेट्रो में सफर कर सकेंगे।
मात्र 50 रुपए में मिलेगा स्मार्ट कार्ड
मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, यात्री भोपाल और इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर बने टिकट काउंटर्स से एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड खरीद सकेंगे। इस कार्ड को प्राप्त करने के लिए 50 रुपए का नॉन-रिफंडेबल शुल्क निर्धारित किया गया है। एक बार कार्ड मिलने के बाद यात्री अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार इसमें राशि रिचार्ज करा सकेंगे। इस डिजिटल पहल से यात्रियों का सफर पूरी तरह से कैशलेस और परेशानी मुक्त हो जाएगा।
सिंगल जर्नी टिकट पर 25% की भारी छूट
यात्रियों को आर्थिक राहत देने के लिए इस कार्ड के इस्तेमाल पर विशेष छूट का प्रावधान किया गया है।एनसीएमसी कार्ड के जरिए सिंगल जर्नी करने वाले यात्रियों को किराए में 25 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी। हालांकि, यह विशेष छूट केवल उन यात्राओं पर लागू होगी जिनका निर्धारित किराया 20 रुपए से अधिक है। कार्ड को रिचार्ज करने के लिए यात्री टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन के अलावा एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकेंगे।
टिकट वेंडिंग मशीन से मात्र 30 सेकंड में QR टिकट
स्मार्ट कार्ड के अलावा स्टेशनों पर आधुनिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा भी शुरू की गई है। इन मशीनों के जरिए यात्री बेहद कम समय में अपना टिकट हासिल कर सकते हैं। मशीन पर Buy QR Ticket का विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा, जिसके बाद स्क्रीन पर किराया प्रदर्शित होगा। यूपीआई के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करते ही मात्र 30 सेकंड के भीतर मशीन से टिकट प्राप्त हो जाता है।
31 दिसंबर तक विशेष प्रमोशनल छूट जारी
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा यात्रियों के लिए 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष किराया छूट योजना लागू की गई है। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों में रियायतें दी जा रही हैं:
सिंगल जर्नी टिकट:25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट 20 रुपए तक के टिकट को छोड़कर।
रिटर्न जर्नी टिकट: कुल 30 प्रतिशत की छूट।
ग्रुप टिकट (कम से कम 2 यात्रियों के लिए): कुल 35 प्रतिशत की छूट।
ई-वॉलेट रिचार्ज: राशि के आधार पर 8 से 15 प्रतिशत तक का अतिरिक्त बोनस।
मेट्रो प्रशासन का मानना है कि इन डिजिटल और रियायती सुविधाओं के जुड़ने से भोपाल और इंदौर के नागरिकों का मेट्रो सफर न केवल समय बचाने वाला साबित होगा, बल्कि उनके बजट के अनुकूल भी रहेगा।







