भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में मिनी ट्रक ने DSP को मारी टक्कर, स्कूटी समेत 100 फीट घसीटा; इलाज के दौरान मौत

भोपाल में मिनी ट्रक ने DSP को मारी टक्कर, स्कूटी समेत 100 फीट घसीटा; इलाज के दौरान मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के चार इमली तिराहे पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरक्षा वाहिनी के डीएसपी शिवकुमार श्रीवास्तव (52) की रविवार तड़के मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, डीएसपी श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे स्कूटी से ड्यूटी पर ट्रेनिंग के लिए जा रहे थे। चार इमली तिराहे के पास (केतकी गर्ल्स हॉस्टल के सामने) जब वे स्कूटी मोड़ रहे थे, तभी कोलार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे स्कूटी समेत करीब 100 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए।

हेलमेट नहीं पहनने से सिर में लगी गंभीर चोट
हादसे में डीएसपी के दोनों कंधों, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। हेलमेट न पहने होने के कारण उनके सिर में गहरी चोट लगी, जो घातक साबित हुई। उन्हें तुरंत नर्मदा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां दो दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।

श्यामला हिल्स स्थित सुरक्षा वाहिनी में PSO कोर्स के पर्यवेक्षक अधिकारी के रूप में पदस्थ डीएसपी श्रीवास्तव की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि घटना के समय ही मिनी ट्रक को जब्त कर लिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद अब आरोपी चालक के खिलाफ दर्ज मामले में गैर-इरादतन हत्या जैसी सख्त धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button