जबलपुरमध्य प्रदेश

मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब को मिला NABL सर्टिफिकेट

जांच रिपोर्टों को मिली वैश्विक मान्यता

जबलपुर,यशभारत। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब ने गुणवत्ता और विश्वसनीयता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एनएबीएल (नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज) प्रमाणन प्राप्त कर लिया है। मंगलवार 29 अप्रैल 2026 को एनएबीएल द्वारा मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

जानकारी के अनुसार, 14 और 15 मार्च को एनएबीएल के चार सदस्यीय विशेषज्ञ दल ने मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब का गहन निरीक्षण किया था। इस दौरान लैब में उपलब्ध अत्याधुनिक मशीनों, तकनीकी संसाधनों, टेक्नीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ और कार्यप्रणाली सहित अन्य व्यवस्थाओं का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण में सेंट्रल लैब सभी निर्धारित मानकों पर खरी उतरी, जिसके बाद उसे यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया।

एनएबीएल प्रमाणन मिलने के बाद अब मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में होने वाली जांच रिपोर्टों की विश्वसनीयता और प्रमाणिकता देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी मान्य होगी। इससे मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी और चिकित्सा सेवाओं में भरोसा और अधिक मजबूत होगा।

इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत सक्सेना ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन मेडिकल कॉलेज की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक संसाधनों और समर्पित टीमवर्क का परिणाम है। इस अवसर पर लैब डायरेक्टर डॉ. जयदेव सिंह सहित चिकित्सक, तकनीकी विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button