विदेश

जोहानिसबर्ग में सामूहिक हत्याकांड, बस्ती में घुसकर हमलावरों ने बरसाईं गोलियां,12 की मौत, 9 घायल

सफेद वैन से आए हमलावरों का खूनी खेल

जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग शहर के पूर्वी क्षेत्र क्लीवलैंड स्थित जंपर्स अनौपचारिक बस्ती में मंगलवार देर रात हुई सामूहिक गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा के अनुसार, रात करीब 11:10 बजे गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आठ पुरुषों और तीन महिलाओं को मृत पाया गया, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 10 से अधिक संदिग्ध एक सफेद टोयोटा क्वांटम वाहन से बस्ती के पास पहुंचे थे। हमलावरों ने दो अलग-अलग रास्तों से बस्ती में प्रवेश कर निवासियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी वाहन से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। संदिग्धों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका लंबे समय से हिंसक अपराधों की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और यह दुनिया में सर्वाधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button