मंदिरों को निशाना बना रहे चोर, प्रसिद्ध हनुमान मंदिर से 22 तोला चांदी का मुकुट चोरी, पुराने न्यायालय परिसर में वारदात से सनसनी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाने से कुछ ही दूरी पर पुराने न्यायालय भवन में स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हनुमान मंदिर से भगवान का 22 तोला वजनी चांदी का मुकुट और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। इस घटना से लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। मंदिर के पुजारी अनंत राम मिश्रा ने बताया कि जब वे शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे और पट खोले, तो भगवान के सिर पर लगा चांदी का मुकुट गायब था। उन्होंने तुरंत आसपास तलाश की लेकिन मुकुट नहीं मिला। इसके बाद पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। मंदिर में चोरी की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुजारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मंदिर परिसर और न्यायालय मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया जाएगा।






