पंजाब में ED की बड़ी रेड: मंत्री संजीव अरोड़ा के कई ठिकानों पर छापेमारी से मचा सियासी बवाल
100 करोड़ के फर्जी GST बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई, CM मान ने बीजेपी पर साधा निशाना

चंडीगढ़। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम स्थित कई ठिकानों पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। बताया जा रहा है कि करीब 20 गाड़ियों में पहुंची टीम ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है। जांच एजेंसी को संदेह है कि फर्जी कंपनियों के जरिए अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और जीएसटी रिफंड का लाभ लिया गया।
बताया जा रहा है कि पिछले एक साल में संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर यह तीसरी और एक महीने में दूसरी रेड है।
ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वहीं विपक्षी नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।







