नौकरानी ने चुराए जेवरात, पकड़ी गई तो फिनायल पी लिया -शक होने पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद हुआ खुलासा

नौकरानी ने चुराए जेवरात, पकड़ी गई तो फिनायल पी लिया
-शक होने पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद हुआ खुलासा, नौकरानी के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
कमला नगर इलाके में रहने वाले एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक के घर में काम करने वाली नौकरानी ने तीन माह में उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी समेत करीब साढ़े छह लाख का माल चुरा लिया। शक होने पर जब घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए, तो नौकरानी की हरकतें कैमरे मेंं कैद हो गई। इसके बाद फरियाादी ने थाने पहुंच कर सबूतों के साथ नौकरानी के खिलाफ केस दर्ज कराया। जब पुलिस आरोपी महिला के घर पहुंची तो उसने पुलिस को डराने के लिए फिनायल पी लिया। इसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसआई जयवीर सिंह सेंगर ने बताया कि रिवेरा टॉउन फेस-1 निवासी सर्वेश प्रेमचंदानी पुत्र स्व. श्रीराम प्रेमचंदानी(55) का कंस्ट्रक्शन का कारोबार है। उन्होंने 1 जून को पंचशील नगर में रहने वाली संगीता साल्वे को घर में खाना बनाने और अन्स काम करने के लिए नौकरी पर रखा था। महिला रोजाना घर में साफ-सफाई का काम करने दौरान पिछले तीन माह से धीरे-धीरे कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चुरा रली थी। पिछले दिनों फरियादी की पत्नी ने किसी आयोजन में जाने के लिए अलमारी में रखे सोने के कंगन निकालना चाहे तो उन्हें कंगन के अलावा अन्य जेवरात गायब मिले। इसके बाद उन्हें नौकरानी संगीता पर शक हुआ। यह बात उन्होंने अपने पति को बताई। इसके बाद नौकरानी पर नजर रखने के लिए उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए। इसके बाद जब उन्होंने कैमरों की फुटेज खंगाली तो नौकरानी संगीता घर में खाना-तलाशी लेते हुए नजर आई। इसके बाद फरियादी ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर नौकरानी संगीता के खिलाफ कल चोरी का केस दर्ज कराया।
डराने के लिए पी लिया फिनायल-
एफआईआर दर्ज होने के बाद जब पुलिस टीम महिला को गिरफ्तार करने पंचशील नगर स्थित उसके घर पहुंची तो उसने पुलिस को डराने और बचने के लिए घर में रखा फिनायल पी लिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उसकी हालत खतरे से बहार बताई जा रही है।
पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया-
पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला है कि फरियादी सर्वेश प्रेमचंदानी ने पंचशील नगर निवासी संगीता साल्वे को घरेलू काम के लिए नौकरी पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था। अक्सर देखने में आता है कि किसी भी निजी संस्थान, दुकान अथवा घर में काम के लिए नौकर रखने और किरायदार रखने से पहले संबंधित व्यक्ति का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराते हैं।







