नवरात्र में उपद्रवियों से निपटने तैयार पुलिस, बलवा ड्रिल में दिखाया कार्रवाई का तरीका
पहले समझाइश, फिर परिस्थिति के अनुसार चरणबद्ध बल प्रयोग

पहले समझाइश, फिर परिस्थिति के अनुसार चरणबद्ध बल प्रयोग
जबलपुर, यश भारत। नवरात्र पर्व के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जबलपुर पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस बल ने बलवा ड्रिल आयोजित कर भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों से निपटने की रणनीति का अभ्यास किया। ड्रिल में समझाइश से लेकर स्थिति बिगड़ने पर चरणबद्ध कार्रवाई करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
एडिशनल एसपी डॉ. आयुष जाखड़ ने बताया कि जबलपुर में नवरात्र का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं। ऐसे में कभी-कभी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस बल को अभ्यास कराया गया।उन्होंने बताया कि बलवा नियंत्रण की कार्रवाई में सबसे पहले उपद्रव कर रही भीड़ को समझाइश देकर शांत करने का प्रयास किया जाता है। यदि स्थिति नियंत्रित नहीं होती और भीड़ आक्रामक हो जाती है, तो परिस्थितियों के अनुसार न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग किया जाता है। इसके तहत जरूरत पड़ने पर वाटर कैनन और आंसू गैस जैसे साधनों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
जाखड़ के अनुसार, स्थिति की गंभीरता बढ़ने पर नियमानुसार और आवश्यक अनुमति के बाद आगे की कार्रवाई की जाती है। अत्यंत गंभीर परिस्थितियों में, जब आम नागरिकों की सुरक्षा और लोकशांति पर बड़ा खतरा उत्पन्न हो, तब कानून के तहत अंतिम विकल्पों पर विचार किया जाता है।उन्होंने कहा कि पुलिस बल को इस तरह का प्रशिक्षण लगातार दिया जाता है। बलवा ड्रिल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों के लिए तैयार रखना और नवरात्र सहित आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।







