टोल बैरियर तोड़कर भागा शराब तस्कर, पीछा कर पुलिस ने दबोचा, देखे वीडियो ……..
स्कार्पियो से 359 बोतल और 48 पाव अंग्रेजी शराब बरामद

जबलपुर,यश भारत। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगी और पनागर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। बरगी पुलिस ने स्कार्पियो से परिवहन की जा रही 48 पाव और 359 बोतल अंग्रेजी शराब पकड़ी, जबकि पनागर पुलिस ने मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही 55 लीटर कच्ची शराब जब्त की। दोनों मामलों में शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की।
स्कार्पियो रोकने पर टोल बैरियर तोड़कर भागा चालक
बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 जेडडब्ल्यू 5181 में धूमा की तरफ से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जबलपुर लाई जा रही है। सूचना पर ग्राम निगरी कैनाल के पास चेकिंग लगाई गई। इसी दौरान स्कार्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए जबलपुर की ओर भाग गया और टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया।
पुलिस टीम ने स्कार्पियो का पीछा किया। चालक वाहन को दून स्कूल के सामने भारत बेंज के बाजू की कच्ची सड़क पर ले गया, जहां स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आशुतोष शिवहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी खेरमाई मंदिर के पास बेलखाड़ू, थाना कटंगी बताया।
चार लाख रुपये से अधिक की शराब मिली
स्कार्पियो की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें मैजिक मूमेंट वोडका की 24 बोतल, बकार्डी लेमन की 36 बोतल, बकार्डी मैंगो चिली रम की 12 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 48 बोतल, रॉयल चैलेंजर व्हिस्की की 12 बोतल, रॉयल स्टैग व्हिस्की की 84 बोतल, ऑफिसर्स च्वाइस की 72 बोतल, सिग्नेचर व्हिस्की की 12 बोतल, मैकडॉवेल नंबर-1 की 35 बोतल, 8 पीएम की 12 बोतल और आइकोनिक व्हाइट की 12 बोतल शामिल हैं। इसके अलावा ऑफिसर्स च्वाइस के 48 पाव भी मिले।
पुलिस ने कुल 48 पाव और 359 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 1 हजार 560 रुपये बताई गई है, के साथ एक मोबाइल फोन और शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियो जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130/177(3) के तहत कार्रवाई की गई है। शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पनागर में 55 लीटर कच्ची शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई पनागर पुलिस ने ग्राम तिलगवां और सकरी के जंगल क्षेत्र में की। थाना प्रभारी डीएसपी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बनाते हैं। सूचना यह भी थी कि एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर सीट के दोनों तरफ बोरियों में कच्ची शराब रखकर जंगल से तिलगवां की ओर आ रहा है।
पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। तिलगवां से कच्ची सड़क पर जंगल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सफेद बोरी लटकाकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया। वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडएन 5660 की जांच करने पर सीट के दोनों ओर बंधी तीन बोरियों में प्लास्टिक के चार डिब्बे मिले, जिनमें कुल 55 लीटर कच्ची शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मोटरसाइकिल चालक की तलाश की जा रही है।







