25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा, प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसों के संचालन की संभावना
समिट में दो हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल

भोपाल, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ, आधुनिक और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। वर्ष 2030 तक प्रदेश के 75 प्रतिशत गांवों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में करीब पांच लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है और 15 हजार से अधिक बसों के संचालन की संभावनाएं हैं। नई बस सेवा में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्रामीण और अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी होगी मजबूत
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से ग्रामीण, अंतरजिला और अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। योजना में सार्वजनिक-निजी भागीदारी, डिजिटल निगरानी और आधुनिक बस टर्मिनल सहित आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर जोर रहेगा। परिवहन विभाग के अनुसार प्रदेश के 55 जिलों में रूट सर्वे किया जा चुका है। डेटा के आधार पर करीब 150 सिटी, 450 इंटरसिटी और 436 अंतरराज्यीय मार्ग विकसित किए जाएंगे। बसों में जीपीएस, पैनिक बटन और वास्तविक समय निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भोपाल और इंदौर में पायलट प्रोजेक्ट
सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड और रैपिडो के बीच समझौता किया गया। इसके तहत भोपाल और इंदौर में बस स्टैंड, बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशनों को रैपिडो के तकनीकी प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। महिलाओं द्वारा संचालित रैपिडो पिंक बाइक-टैक्सी सेवा को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
एमपी मोबिलिटी इनोवेशन चैलेंज-2026 शुरू
मुख्यमंत्री ने एमपी मोबिलिटी इनोवेशन चैलेंज-2026 का शुभारंभ भी किया। इसका उद्देश्य परिवहन क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान के लिए नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देना है। इसमें स्टार्टअप, शोधकर्ता, शिक्षण संस्थान और नवप्रवर्तक भाग ले सकेंगे। परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नई व्यवस्था में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को प्राथमिकता दी जाएगी। इलेक्ट्रिक बसों के साथ डिजिटल ट्रैकिंग, सड़क सुरक्षा और चालक-परिचालक की निगरानी की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
समिट में दो हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल
इंदौर में आयोजित यात्री परिवहन विजन समिट-2026 में देश-विदेश के विशेषज्ञों, बस निर्माताओं, तकनीकी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और निजी बस संचालकों सहित दो हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समिट में प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने पर मंथन किया गया।






