सड़कों पर दौड़ते मौत के डिब्बे: इमरजेंसी एग्जिट पर ताले और पैनिक बटन गायब, भोपाल में 2 बसें जब्त और 2 की फिटनेस निरस्त

सड़कों पर दौड़ते मौत के डिब्बे: इमरजेंसी एग्जिट पर ताले और पैनिक बटन गायब, भोपाल में 2 बसें जब्त और 2 की फिटनेस निरस्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी में यात्रियों की जान जोखिम में डालकर फर्राटा भर रहीं बस संचालकों पर परिवहन विभाग का शिकंजा कस गया है। पिछले तीन दिनों से जारी सघन जांच अभियान के तहत देर रात आरटीओ की उड़नदस्ता टीम ने अचानक सड़कों पर उतरकर चेकिंग की, जिसमें सुरक्षा मानकों को लेकर दिल दहला देने वाली लापरवाही सामने आई है।
जांच के दौरान दो बसों में आपातकालीन द्वार इमरजेंसी एग्जिट पूरी तरह बंद मिले, जबकि मुसीबत के वक्त मदद पुकारने वाला पैनिक बटन तक गायब था। यात्रियों की सुरक्षा से इस गंभीर खिलवाड़ पर तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए विभाग ने दोनों बसों की फिटनेस मौके पर ही निरस्त कर दी।
बिना परमिट फर्राटा भर रही बसें भी शिकंजे में
परिवहन आयुक्त के सख्त निर्देशों के बाद हुई इस कार्रवाई में कुल 22 यात्री बसों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। बिना वैध परमिट के चलाई जा रही दो बसों को जब्त कर लिया गया, जिनमें अरुणाचल प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर (AR-01 Q-2925) की बस भी शामिल है।
अचानक कार्रवाई से हड़कंप, 62 हजार का चालान
नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली 5 अन्य बसों पर मोटर यान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर ₹62 हजार का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना वसूला गया। आरटीओ अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सिर्फ सांकेतिक नहीं है; यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाली किसी भी बस को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में दिन-रात यह चेकिंग जारी रहेगी।







