भोपाल

तकनीकी खामी पर शिक्षकों का वेतन नहीं रुकेगा ई-अटेंडेंस अनिवार्य रहेगी – ऑनलाइन हाजिरी दर्ज न होने को सीधे अनुपस्थिति नहीं माना जाएगा

तकनीकी खामी पर शिक्षकों का वेतन नहीं रुकेगा ई-अटेंडेंस अनिवार्य रहेगी
– ऑनलाइन हाजिरी दर्ज न होने को सीधे अनुपस्थिति नहीं माना जाएगा
भोपाल, यश भारत । प्रदेश में ई-अटेंडेंस व्यवस्था में तकनीकी दिक्कतों के चलते अब शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों का वेतन नहीं रोका जाएगा। ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाने को सीधे अनुपस्थिति मानकर वेतन रोकने की कार्रवाई नहीं की जा सकेगी। हालांकि, स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस दर्ज करना अनिवार्य बना रहेगा।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारियों ने संकुल प्राचार्यों को नई व्यवस्था के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है। विभाग के अनुसार प्रदेश में करीब 99 प्रतिशत शिक्षक और अतिथि शिक्षक ई-अटेंडेंस के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। ऐसे में तकनीकी समस्या के कारण जिन कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो पाती, उनके वेतन पर केवल इसी आधार पर रोक नहीं लगाई जाएगी।
नई व्यवस्था का लाभ नियमित शिक्षकों के साथ अतिथि शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी मिलेगा। विभाग का कहना है कि तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने और वास्तविक रूप से अनुपस्थित रहने की स्थिति को अलग-अलग देखा जाएगा।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि तकनीकी राहत का मतलब ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता खत्म होना नहीं है। कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। तकनीकी समस्या सामने आने पर उसका परीक्षण करने के बाद ही वेतन संबंधी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button