मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धान महोत्सव में देंगे करोड़ो के विकास कार्यों की सौगात : कोदो कुटकी बोनस का करेंगे वितरण

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में आज बुधवार 1 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले को 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 349.33 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 144.83 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के खातों में प्रोत्साहन राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। किसानों को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से यह राशि प्रदान की जाएगी, जिससे श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, नगरीय विकास, खेल, शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। प्रमुख परियोजनाओं में विभिन्न सड़कों एवं पुलों का निर्माण, बरघाट, केवलारी, सिवनी और लखनादौन की एकल नल-जल योजनाएं, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण, गनेशगंज-लामटा-सुनवारा-पिंडरई-देवरी टीका मार्ग, नगर पालिका कार्यालय भवन, स्विमिंग पूल, फायर स्टेशन, मिनी स्टेडियम, छात्रावास, आंगनवाड़ी भवन तथा कन्या शिक्षा परिसर एप्रोच रोड निर्माण कार्य शामिल हैं।
धान महोत्सव में विभिन्न विभागों की थीम आधारित विकास प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स एवं जीआई टैग उत्पाद, पीएमएफएमई उत्पाद, स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प, लघु वनोपज, पोषण आहार, डिजिटल जमीन, कृषिका एप, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। आमजन के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय, कमल मर्सकोले, रजनीश सिंह, योगेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।







