केंद्र ने जांच के लिए भेजी उच्चस्तरीय टीम, राज्य सरकार ने भी गठित किया विशेष कार्य बल

कूनो में 19 माह के चीते की गोली मारकर हत्या, शरीर से निकलीं पांच गोलियां
केंद्र ने जांच के लिए भेजी उच्चस्तरीय टीम, राज्य सरकार ने भी गठित किया विशेष कार्य बल
जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क के 19 माह के नर चीते KNG22 की गोली लगने से मौत हो गई। उसके शरीर से पांच गोलियां निकाली गईं। घटना को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम भेजी है। वहीं, राज्य सरकार भी मामले की जांच कर रही है।
मुरैना के जंगल में मिला था घायल चीता
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को चीता KNG22 कूनो नेशनल पार्क के संरक्षित क्षेत्र से बाहर मुरैना के वन क्षेत्र में घायल अवस्था में मिला था। उसी दिन उसे रेस्क्यू कर जबलपुर के पशु चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी आपात सर्जरी की गई। उपचार के दौरान उसके शरीर से बंदूक की पांच गोलियां निकाली गईं, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद 27 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।
दोषियों की तलाश में जांच तेज
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, जांच दल में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। टीम घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर मध्यप्रदेश वन विभाग के साथ समन्वय करेगी। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने वन विभाग और पुलिस अधिकारियों को शामिल करते हुए विशेष कार्य बल गठित किया है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चीते को जानबूझकर गोली मारी गई या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







