पत्रकार केवल सूचना देने वाला नहीं बल्कि समाज का विचार निर्माता – विस अध्यक्ष

पत्रकार केवल सूचना देने वाला नहीं बल्कि समाज का विचार निर्माता – विस अध्यक्ष
– सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किया गया मीडिया संवाद कार्यक्रम
भोपाल यशभारत। पत्रकारिता लोकतंत्र का प्रहरी है और जब विधायिका और मीडिया साझा मंच पर संवाद करते हैं, तब लोकतंत्र की जड़ें और गहरी होती हैं। पत्रकार केवल सूचना देने वाला नहीं है, बल्कि समाज का विचार निर्माता है और उसकी कलम जनता और सत्ता के बीच सशक्त सेतु का काम करती है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने राजधानी के होटल लोक व्यू अशोका में आयोजित सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में प्रदेश भर के पत्रकार और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। इस अवसर दीपावली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पत्रकार सच्चाई तक पहुंचने के लिए वही मेहनत करता है, जो एक वकील तर्क जुटाने में और जासूस सबूत ढूंढने में करता है। मीडिया लोकतंत्र की आवाज़ है और निष्पक्ष पत्रकारिता ही जनप्रतिनिधियों को सही दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करती है।
वरिष्ठ पत्रकार और ट्रस्टी एनके सिंह ने प्रेस क्लब के स्थायी भवन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से प्रेस क्लब सक्रिय है, लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी भवन नहीं है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उमंग सिंघार ने तत्काल घोषणा की कि सभी भोपाल विधायक पांच-पांच लाख रुपए देंगे, ताकि 15 दिनों के भीतर प्रेस क्लब भवन का निर्माण शुरू हो सके।

अतिथियों ने विचार साझा किए
– अरविंद शर्मा प्रमुख सचिव विधानसभा ने पत्रकारिता को तथ्यों की तपस्या बताया और कहा कि निष्पक्ष रिपोर्टिंग ही लोकतंत्र का तापमान संतुलित रखती है।
– विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकारों को समाज का आईना बताया और कहा कि उनकी निष्पक्षता लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखती है।
– विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक ने पत्रकारिता की पारदर्शिता और जनहित में भूमिका की सराहना की।
– अवधेश प्रताप सिंह, मानव अधिकार आयोग सदस्य ने कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है और पत्रकार मानवाधिकारों के प्रहरी है ।
– आशीष अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि दीपावली का असली संदेश अंधकार मिटाना है और पत्रकार की कलम वह दीपक है जो विचारों के अंधकार को दूर करती है।
– कांग्रेस विचार विभाग के प्रमुख भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवाद अनिवार्य है। मीडिया को संतुलित दृष्टिकोण पेश करना चाहिए।

प्रेस क्लब पत्रकारों का परिवार – दास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रेस क्लब के अध्यक्ष विजय कुमार दास ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों का परिवार है। उनका उद्देश्य प्रदेश के हर जिले में पत्रकारों को साझा मंच और सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। गोविंद गुर्जर प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत भाषण में मीडिया और विधायिका के रचनात्मक समन्वय को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया और प्रेस क्लब की 55 नई जिला अध्यक्षों की घोषणा की।

कार्यक्रम का संचालन और संयोजन नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश भाटिया ने किया। उन्होंने अंत में कहा, पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रतिबद्धता है। जब विधायिका और मीडिया मिलकर लोकतंत्र के लिए काम करते हैं, तभी समाज में बदलाव और जनहित की वास्तविक अनुभूति होती है। सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब का यह प्रयास पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी विश्वास की मिसाल है। उन्होंने सभी सदस्यों के प्रति आभार माना







