
इंडिगो ने मुआवजे का किया एलान, इन यात्रियों को देगी 10-10 हजार
सरकारी गाइडलाइंस के अलावा अतिरिक्त मुआवजा

दिसंबर की शुरुआत में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को बड़ी ऑपरेशनल दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते लगातार उड़ानें रद होती रहीं। अचानक पैदा हुई इस स्थिति ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया कई एयरपोर्ट पर हजारों यात्री घंटों तक फंसे रहे, वहीं बैगेज कलेक्शन क्षेत्रों में सूटकेस के ढेर लग गए। अब जबकि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, इंडिगो ने 3, 4 और 5 दिसंबर को प्रभावित हुए यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है।
कौन से यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये का मुआवजा?
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से जानकारी दी कि 3, 4 और 5 दिसंबर को यात्रा करने वाले कुछ यात्री जो कई घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे और भीड़भाड़ का गंभीर प्रभाव झेलना पड़ा ऐसे यात्रियों को इंडिगो 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर प्रदान करेगी। इन वाउचर्स का उपयोग यात्री अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो उड़ान की बुकिंग में कर सकेंगे।
सरकारी गाइडलाइंस के अलावा अतिरिक्त मुआवजा
इंडिगो ने स्पष्ट किया कि यह 10,000 रुपये का वाउचर सरकारी नियमों के तहत मिलने वाले मुआवजे के अतिरिक्त होगा। सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार यदि उड़ान प्रस्थान समय से 24 घंटे के भीतर रद्द हुई है तो ब्लॉक टाइम के आधार पर यात्रियों को 5,000 से 10,000 रुपये का मुआवजा दिया जाता है।







