भारत अविनाशी राष्ट्र है, उसकी यात्रा रुकने वाली नहीं, दत्तात्रेय होसबाले वसुधैव कुटुंबकम् के हम सब सदस्य हैं ,भारत के आगे बढ़ने से मानवता को होगा लाभ, वीडियो देखें

भारत अविनाशी राष्ट्र है, उसकी यात्रा रुकने वाली नहीं, दत्तात्रेय होसबाले
वसुधैव कुटुंबकम् के हम सब सदेखेदस्य हैं ,भारत के आगे बढ़ने से मानवता को होगा लाभ
भोपाल यश भारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि भारत एक अविनाशी राष्ट्र है और उसकी यात्रा रुकने वाली नहीं है। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और उसका आगे बढ़ना मानवता के लिए अनेक अच्छाइयां लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में भारत अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और अंतरिक्ष से लेकर खेल तक हर क्षेत्र में विश्व भारत की ओर जिज्ञासा से देख रहा है।
होसबाले ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष पूरा हो रहा है लेकिन संघ का कार्य रुकने वाला नहीं है। संघ का कार्य अनवरत जारी रहेगा और भारत की यात्रा भी निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत अनेक संकटों से निकलकर आया है और भारत मृत्युंजय बनकर निकला है। उन्होंने भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक निरंतरता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं आज संग्रहालयों तक सीमित हो गई हैं लेकिन भारत की सभ्यता आज भी जीवंत है। भारत ने अनेक युद्ध और संकट देखे इसके बावजूद उसने अपनी संस्कृति और सभ्यता को नहीं भुलाया। दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि भारत का विकास केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है। भारत महज जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि एक जीवंत और विजयी समाज है।
संघर्ष के समय भारतीय समाज एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करता है। उन्होंने कहा कि गुलामी के काल में समाज में कई कुरीतियां आईं इसलिए आज अपनी संस्कृति सभ्यता और इतिहास को फिर से समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा में वसुधैव कुटुंबकम् की भावना रही है और हम सभी इसी व्यापक परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास समृद्धशाली इतिहास है और कभी भारत को विश्वगुरु के रूप में जाना जाता था। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी अपने इतिहास संस्कृति और सभ्यता को समझे तथा देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में विश्व में अपना मुकाम हासिल कर रहा है। अंतरिक्ष खेल और अन्य क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को लेकर दुनिया की नजर भारत पर है। भारत का उत्थान केवल भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा।






