भोपालमध्यप्रदेश

सोनकच्छ टोल पर लैपटॉप बैग की गुप्त कैविटी से 2.40 करोड़ की ड्रग्स जब्त

सोनकच्छ टोल पर लैपटॉप बैग की गुप्त कैविटी से 2.40 करोड़ की ड्रग्स जब्त

दिल्ली से आ रही यात्री बस में चल रहा था तस्करी का हाई-टेक खेल; 3.016 किलो एम्फेटामाइन बरामद, एक गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत | मध्यप्रदेश में नशे के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की भोपाल यूनिट ने करारा प्रहार किया है। टीम ने मंगलवार सुबह भोपाल के समीप सोनकच्छ टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर दिल्ली से आ रही एक यात्री बस से 3.016 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में जब्त की गई इस खेप की कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई का खुलासा मंगलवार रात करीब 9 बजे किया गया। मामले में एक तस्कर को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की तफ्तीश तेज कर दी गई है।

ऐसे हुआ तस्करी के शातिर तरीके का खुलासा
जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्कर ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। डीआईआर अधिकारियों को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि दिल्ली से बस के जरिए एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर मध्यप्रदेश की ओर आ रहा है। सूचना पर टीम ने मंगलवार सुबह सोनकच्छ टोल प्लाजा पर जाल बिछाया और संदिग्ध बस के पहुंचते ही यात्री को दबोच लिया। जब उसके लैपटॉप बैग की बारीकी से तलाशी ली गई, तो बैग के भीतर विशेष रूप से तैयार की गई एक गुप्त जगह मिली। इसी हिस्से में भूरे रंग के पैकेट के भीतर सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ छिपाकर रखा गया था।
फील्ड टेस्ट किट से हुई पुष्टि, सप्लाई चेन पर नजर
मौके पर ही डीआरआई टीम ने एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से संदिग्ध पदार्थ की जांच की, जिसमें इसके शक्तिशाली सिंथेटिक ड्रग एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। बरामद खेप का कुल वजन 3.016 किलोग्राम निकला। अब अधिकारी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रहे हैं कि दिल्ली में यह खेप किसने सौंपी थी और भोपाल या इंदौर समेत प्रदेश के किन शहरों में इसकी डिलीवरी होनी थी।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हवाई और रेलवे स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा जांच के चलते अब नशा तस्कर लंबी दूरी की यात्री बसों को सुरक्षित जरिया बना रहे हैं। बैग की बनावट में बदलाव कर सीक्रेट कैविटी तैयार करना यह दर्शाता है कि इसके पीछे एक संगठित और पेशेवर सिंडिकेट काम कर रहा है, जो स्थानीय स्तर पर युवाओं और पार्टियों तक सिंथेटिक ड्रग्स पहुंचाने की फिराक में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button