जेपी अस्पताल में हाईटेक सुविधा की शुरुआत अब जिला स्तर पर होगी वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी जांच

जेपी अस्पताल में हाईटेक सुविधा की शुरुआत अब जिला स्तर पर होगी वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी जांच
भोपाल यश भारत । राजधानी स्थित जयप्रकाश जिला चिकित्सालय जेपी अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी जांच सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह प्रदेश का पहला जिला अस्पताल बन गया है, जहां इस अत्याधुनिक जांच की शुरुआत हुई है। इस सुविधा के शुरू होने से टीबी, लंग कैंसर सहित कई गंभीर श्वसन संबंधी बीमारियों की उच्च स्तरीय जांच अब जिला स्तर पर ही संभव हो सकेगी। अस्पताल में इस सुविधा का शुभारंभ किया गया जहां पदस्थ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अंकित तोमर द्वारा पहली जांच की गई। अब तक यह सुविधा केवल मेडिकल कॉलेजों या बड़े निजी अस्पतालों तक सीमित थी जहां इस जांच के लिए मरीजों को 10 से 15 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता था। वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी एक आधुनिक और प्रभावी जांच प्रक्रिया है जिसमें एक पतली और लचीली ट्यूब कैमरा युक्त को नाक या मुंह के रास्ते फेफड़ों की श्वसन नली में डालकर अंदरूनी स्थिति का सीधे अवलोकन किया जाता है। इससे डॉक्टरों को सटीक निदान करने में मदद मिलती है। सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन ने बताया कि सरकार द्वारा इस तरह की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं को जिला अस्पतालों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में भोपाल के जेपी अस्पताल में यह यूनिट स्थापित की गई है। यह जांच ट्यूबरकुलोसिस टीबी लंग कैंसर, बार-बार होने वाले संक्रमण, निमोनिया, लंबे समय तक खांसी या खून आने हेमोप्टाइसिस जैसी समस्याओं के निदान में अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से बायोप्सी सैंपल लेना, टिश्यू जांच के जरिए संक्रमण या कैंसर की पुष्टि करना तथा BAL ब्रोंकोएल्वोलर लवेज तकनीक से संक्रमण की पहचान करना भी संभव हो सकेगा। यह सुविधा निश्चित रूप से मरीजों को सस्ती, सुलभ और सटीक जांच उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।







