जीएसटी सुधार से आत्मनिर्भर बनेंगे आम नागरिक: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को करेंगे पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन

जीएसटी सुधार से आत्मनिर्भर बनेंगे आम नागरिक: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को करेंगे पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए नए जीएसटी सुधार, आम आदमी के जीवन को सुविधाजनक बनाएंगे और उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएंगे. उन्होंने इन सुधारों को किसानों, एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम), मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं के लिए एक “उपहार” बताया. मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार पूरा देश ‘स्वदेशी से समृद्धि’ के संकल्प के साथ दीपावली मनाएगा और घर-घर स्वावलंबन के दीप जलेंगे.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों से इन जीएसटी सुधारों की जानकारी सभी माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया.
पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को धार जिले के बदनावर में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है. इस दौरान ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’, ‘स्वदेशी’, ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘एक बगिया मां के नाम’, पीएम-जनमन योजना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान और मिशन कर्मयोगी जैसी महत्वपूर्ण थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
सेवा पखवाड़ा: स्वच्छता ही सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी घोषणा की कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘स्वच्छता ही सेवा’ की थीम पर सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा. इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अस्वच्छ स्थानों की पहचान करके उन्हें साफ करने के लिए गतिविधियां चलाई जाएंगी. इस अभियान में स्वयंसेवी, सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी शामिल किया जाएगा. उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे प्रशासनिक और राजनीतिक अधिकारियों के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों में इन गतिविधियों का विस्तार करें.
कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस
दशहरे के बाद भोपाल में दो दिवसीय कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा, जिसमें कलेक्टर, एसपी, कमिश्नर, आईजी और पुलिस कमिश्नर हिस्सा लेंगे. इस कॉन्फ्रेंस में आगामी वर्षों के लिए कार्ययोजना और विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा की जाएगी. मुख्यमंत्री ने बैठक से पहले मंत्रियों को अपने-अपने विभागों की विस्तृत समीक्षा करने के भी निर्देश दिए.







