जबलपुरमध्य प्रदेश

नर्मदा नदी में कश्तियों से हो रहा अवैध रेत उत्खनन, दद्दा घाट की जलधारा में खामोशी से चल रहा खेल

कम गहराई का फायदा उठा रहे उत्खननकर्ता


जबलपुर, यश भारत। तिलवारा स्थित दद्दा घाट पर इन दिनों कश्तियों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन का काम लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनभर और देर शाम तक नर्मदा नदी के भीतर कश्तियां उतरती हैं और मजदूर नदी की तलहटी से रेत निकालकर किनारे तक पहुंचाते हैं। इसके बाद रेत को सुरक्षित स्थानों पर जमा कर अलग-अलग माध्यमों से खपाया जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद यह गतिविधि पूरी तरह बंद नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रशासन द्वारा भारी मशीनों और बड़े वाहनों पर कार्रवाई के बाद अब अवैध उत्खनन का तरीका बदल गया है। कश्तियों के जरिए नदी के भीतर पहुंचकर रेत निकाली जा रही है, जिससे यह काम आसानी से और बिना ज्यादा शोर-शराबे के संचालित हो रहा है।

कम गहराई का फायदा उठा रहे उत्खननकर्ता

दद्दा घाट के जिस हिस्से में रेत निकाली जा रही है वहां नदी की गहराई अपेक्षाकृत कम बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से कश्तियां आसानी से नदी के भीतर तक पहुंच जाती हैं और मजदूर बिना किसी विशेष संसाधन के रेत निकाल लेते हैं। यही कारण है कि यहां लंबे समय से यह गतिविधि जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

शिकायतों के बाद भी जारी है गतिविधि

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कार्रवाई के दौरान अक्सर मौके पर कोई नहीं मिलता। लोगों का आरोप है कि निगरानी बढ़ाने और लगातार कार्रवाई की जरूरत है, ताकि अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

राजनीतिक संरक्षण की भी सामने आई चर्चा

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि इस पूरे कारोबार को कुछ प्रभावशाली राजनीतिक लोगों का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में यह बात लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

इनका कहना है

हा वहाँ पे नावों के माध्यम से रेत निकाले जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस और खनिज विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन उस समय कोई नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस और खनिज विभाग दोनों इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सूचना मिलने पर तत्काल टीम भेजी जाती है और अवैध उत्खनन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा

WhatsApp Image 2026 06 09 at 13.27.52

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button