वार्ड 41 में फिर बजेगा चुनावी बिगुल, आचार संहिता लागू
पिछली बार भाजपा-कांग्रेस में हुआ था कड़ा मुकाबला

वार्ड 41 में फिर बजेगा चुनावी बिगुल, आचार संहिता लागू
पिछली बार भाजपा-कांग्रेस में हुआ था कड़ा मुकाबला
कटनी,यशभारत। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपलानी वार्ड में एक बार फिर चुनावी माहौल बनने लगा है। कांग्रेस के पार्षद ईश्वर बहरानी के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव की घोषणा होते ही वार्ड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता भी प्रभावी हो गई है।
पिछले नगर निगम चुनाव में वार्ड 41 में भाजपा के देवानंद असरानी और कांग्रेस प्रत्याशी ईश्वर बहरानी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। कांटे की टक्कर के बाद ईश्वर बहरानी ने जीत दर्ज कर पार्षद पद हासिल किया था। अब उनके निधन से रिक्त हुई सीट पर दोबारा चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार वार्ड के राजनीतिक समीकरण और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं फिर जोर पकड़ने लगी हैं।
31 अगस्त को उपचुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग ने 31 अगस्त को उपचुनाव कार्यक्रम जारी किया था। इसके बाद वार्ड 41 के निर्वाचन क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचरण संहिता लागू कर दी गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा तक 3 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
दावेदारों की सक्रियता पर टिकी नजर
उपचुनाव की घोषणा के बाद अब राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन शुरू होने की संभावना है। पिछले चुनाव में आमने-सामने रहे प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ स्थानीय स्तर पर नए दावेदार भी सक्रिय हो सकते हैं। वार्ड में चुनावी हलचल बढ़ने के साथ मतदाताओं के बीच भी उपचुनाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इधर निगम प्रशासन ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए हैं।







