बागेश्वर धाम की रथयात्रा में चेन स्नेचिंग करने वाला महाराष्ट्र का ‘बीड गैंग’ बेनकाब : दो आरोपी गिरफ्तार

दमोह। बागेश्वर महाराज की रथयात्रा में भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन झपटने और जेब काटने की घटनाओं को अंजाम देने के मामले में दमोह देहात पुलिस ने महाराष्ट्र के बीड जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चेन झपटने के साथ पर्स चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को जबलपुर नाका स्थित होटल फोर सीजन के पास बागेश्वर महाराज की रथयात्रा के स्वागत के दौरान टीवीएस एजेंसी के बाजू में रहने वाले धर्मेंद्र दुबे (56) भीड़ में खड़े थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उन्हें धक्का देकर गले में पहनी करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई। मामले में दमोह देहात थाने में अपराध क्रमांक 742/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर महाराष्ट्र के दो संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रथयात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चेन झपटने की बात बताई। पूछताछ में भीड़ के बीच एक-दो लोगों के पर्स चोरी करने की बात भी सामने आई। हालांकि, पुलिस के मुताबिक झपटमारी के दौरान सोने की चेन मौके पर ही गिर गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाबू गलधर (25), निवासी खंडेश्वरी रोड, बीड और अविनाश उर्फ अतुल गायकवाड़ (23), निवासी गांधीनगर, बीड, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
बरामदगी में सिर्फ 1,850 रुपये
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी गणेश के पास से 820 रुपये और अविनाश के पास से 1,030 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कुल बरामद नकदी 1,850 रुपये है। पुलिस की ओर से जारी विवरण में शिकायतकर्ता की करीब 80 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन की बरामदगी का उल्लेख नहीं है।
इनकी रही भूमिका
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा दमोह देहात थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल और उनकी टीम ने कार्रवाई की। टीम में प्रधान आरक्षक देवेंद्र, भूपेंद्र पटेल, जालम सिंह, नंदलाल सिंह, महेंद्र पटेल तथा आरक्षक मनोज पाण्डेय, आशीष, सुरेंद्र और संदीप पटेल शामिल रहे।







