Top-5देशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

छतरपुर में मजदूरों से भरी बस पलटी, एक की मौत, 15 घायल, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

छतरपुर,यश भारत। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार को केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम करने वाले मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। बमीठा थाना क्षेत्र में ढोढ़न बांध के पास बस के ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि करीब 15 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय बस में लगभग 48 मजदूर सवार थे।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर केन-बेतवा लिंक परियोजना में एनसीसी कंपनी के तहत काम कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद वे बस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढोढ़न बांध के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

चलती बस से कूदे मजदूर

हादसे के दौरान बस में सवार मजदूरों के बीच चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने का पता चलते ही कुछ मजदूर अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से कूद गए। इसके बावजूद कई मजदूर दुर्घटना में घायल हो गए। बस पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। हादसे में एक मजदूर की मौत होने की सूचना है, जबकि घायलों की संख्या 13 से 15 के बीच बताई जा रही है। मृतक की पहचान और सभी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं मजदूर

बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश मजदूर बिहार और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। ये सभी परियोजना में काम पूरा करने के बाद अपने घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। घटना के बाद बस के ब्रेक फेल होने की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के कारणों और बस की तकनीकी स्थिति की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button