आधा मानसून बीता, फिर भी खाली पड़ा परियट, बड़ी आबादी को अभी भी मिल रहा एक समय पानी
बरगी नहर में हुआ सुधार, रांझी प्लांट को एक-दो दिन में मिलेगी राहत

जबलपुर,यश। शहर में लगातार जारी बारिश के बावजूद पेयजल का संकट गहराता जा रहा है। एक तरफ जहां खंदारी जलाशय जलभराव के करीब पहुंच चुका है, वहीं परियट जलाशय की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। परियट में अब तक महज 12 फीट पानी ही जमा हो पाया है, जबकि इसकी कुल क्षमता 30 फीट है। इस वजह से एक बड़े इलाके में दिन में केवल एक बार ही पानी की सप्लाई हो पा रही है।
नहर की मरम्मत पूरी, बरगी से रांझी प्लांट को जल्द मिलेगा पानी
रांझी जल शोधन संयंत्र को बरगी से आने वाली नहर के जरिए पानी की आपूर्ति की जाती है, जो नहर टूटने के कारण बाधित चल रही थी। विधायक अशोक रोहाणी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा की और सुधार कार्य तेज कराया। विधायक के अनुसार नहर सुधार का काम लगभग पूरा हो चुका है। अगले 1 से 2 दिनों में बरगी से रांझी प्लांट को पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इससे रांझी, खमरिया, घमापुर और कांचघर जैसे प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारू हो सकेगी।
परियट के सूखे रहने का रहस्य
आधा मानसून बीत जाने के बाद भी परियट जलाशय का जलस्तर न बढ़ने पर नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड़ पर आ गया है। आमतौर पर डिंडोरी और मंडला क्षेत्र में होने वाली बारिश के कैचमेंट एरिया से परियट में पानी आता है। इस बार मंडला-डिंडोरी में झमाझम बारिश के बावजूद परियट का जलस्तर नहीं बढ़ा।
मौके पर पहुंचेगी टीम
नगर निगम की विशेष टीम आज परियट जलाशय और उसके प्राकृतिक जल स्रोतों का निरीक्षण करने जा रही है। टीम यह जांच करेगी कि पानी के रास्तों में कोई प्राकृतिक या मानव निर्मित रुकावट तो नहीं आई है, अथवा किसी ने पानी के स्रोतों का रुख तो नहीं मोड़ दिया है।







