10वीं टॉपर प्रतिभा सोलंकी को सीएम देंगे एक लाख, 499 अंक हासिल कर रचा इतिहास
CM will give Rs 1 lakh to 10th class topper Pratibha Solanki, who created history by scoring 499 marks.

10वीं टॉपर प्रतिभा सोलंकी को सीएम देंगे एक लाख, 499 अंक हासिल कर रचा इतिहास
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं परीक्षा में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान हासिल करने वाली पन्ना की होनहार छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश दिए हैं। प्रतिभा ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा और उनके माता पिता को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा जैसी बेटियां प्रदेश का गौरव हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। शुक्रवार को प्रतिभा अपने परिजनों के साथ मुख्यमंत्री निवास पहुंचीं जहां उन्होंने सीएम से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा को सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। प्रतिभा और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।







