मुख्य ख़बरें

गौशाला कांड: 37.85 लाख का बजट हवा, फर्जी टेंडर से ठेकेदार मालामाल; अब EOW के शिकंजे में 6 ‘बड़े’ चेहरे, FIR दर्ज

रीवा । डभौरा नगर परिषद में गौशाला कांड के बाद हड़कंप की स्थिति है। यहां 37.85 लाख रुपए से गौशाला बनाने के काम में गड़बड़ी के आरोप की जांच तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के रीवा मंडल स्थित अधीक्षण यंत्री कार्यालय में छापा मारा।

टीम ने गौशाला निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और जरूरी रिकॉर्ड जब्त किए। इस मामले में पहले ही तत्कालीन अधिकारियों और ठेकेदार समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज है।

मौके पर काम अधूरा मिला

डभौरा नगर परिषद की यूनिट-3 में साल 2020 में गौशाला बनाने के लिए 37.85 लाख रुपए मंजूर किए गए थे। इसमें गौशाला भवन, बछड़ों और बीमार गायों के लिए अलग शेड, भूसा गोदाम, नलकूप, पानी की टंकी, बाउंड्रीवॉल और जमीन समतल करने का काम होना था।

आरोप है कि काम के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान करा लिया गया। लेकिन मौके पर सिर्फ करीब 80 बाय 25 फीट की अधूरी बाउंड्रीवॉल और एक अधूरा भवन मिला। बाकी सुविधाएं नहीं मिलीं।

यह है आरोप

बताया जा रहा है कि जांच में टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि एक ही काम के लिए दो फर्जी निविदाएं तैयार कर  फर्म को फायदा पहुंचाया गया।

पोर्टल पर 27.38 लाख रुपए के बिल दर्ज हैं, जबकि वास्तविक भुगतान करीब 20.22 लाख रुपए बताया गया है।

6 लोगों पर FIR दर्ज

EOW ने तत्कालीन कार्यपालन यंत्री राजेंद्र सिंह धुर्वे, डीएस आर्मो, हिमांशु तिवारी, तत्कालीन SDO जगदीश सिंह राजपूत, सहायक ग्रेड-3 लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला और ठेकेदार दीनदयाल कुशवाहा को आरोपी बनाया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button