Garden of Nehru Railway Colony transformed into forest. नेहरू रेलवे कॉलोनी के उद्यान जंगल में तब्दील
गंदगी से पटे पड़े नाले बीमारी को दे आमंत्रण
बारिश में निकल रहे जहरीले जीव जंतु
जबलपुर यशभारत।
रेलवे कॉलोनियों की लंबे अर्से से में साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां पर उद्यानों में लगी झाड़ियां एवं बच्चों के लिए बनी फिसलन पट्टी व झूले टूटे पड़े हुए जिनकी और संबंधित विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है इसके साथ ही कर्मचारियों के क्वार्टर के छत से पानी टपक रहा है तो कहीं कुछ समय पूर्व लगाई गई टाइल्स उखड़ कर गिरने लगी हैं। यह नजारा है नेहरू रेलवे कॉलोनी हाउवाग का जहां पर अवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है इस संबंध में कॉलोनी वासियों द्वारा अनेकों बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु मांग की गई लेकिन उक्त समस्या जस की तस बनी हुई है। हाउवाग की रेलवे नेहरू कॉलोनी तो एक बानगी है। इसी तरह से रेलवे कर्मचारियों के लिए बनी कॉलोनी के उद्यान भी बदहाल पड़े हुए हैं। कॉलोनी वासियों ने यश भारत को बताया कि यहां पर लंबे समय से उद्यानों की साफ सफाई न होने के कारण यह उद्यान अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे। जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बारिश के बाद कूड़े सड़ने से भयंकर बदबू हो रही है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। नालियों की भी ठीक ढंग से सफाई नहीं हो रही है। इससे रेलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
300 क्वार्टर में रहते हैं एक हजार कर्मचारी
हाउवाग की नेहरू रेलवे कॉलोनी के संबंध में जानकारों ने बताया कि इन दोनों कॉलोनी में 300 रेलवे क्वार्टर है जिसमें करीब एक हजार रेल कर्मचारी निवास करते हैं। रेल कर्मचारी एवं उनके बच्चों के लिए यहां पर रेलवे द्वारा मनोरंजन के लिए बनाए गए दोनों उद्यानों में गाजर घास और बड़ी-बड़ी झाड़ियां होने के कारण यह उद्यान जंगल में तब्दील हो गए हैं। जहां पर इस बारिश के मौसम में जहरीले जीव जंतु विचरण करते हैं इससे कालोनी वासियों में भी भय का माहौल बना रहता है जिससे उनके बच्चे वहां खेलना तो दूर जाना भी पसंद नहीं करते हैं। जानकारों ने बताया कि इस रेलवे कॉलोनी की साफ सफाई का जुम्मा ठेकेदार के ऊपर है लेकिन यहां नियमित रूप से निगरानी नहीं की जा रही है। इसका असर रेलवे कॉलोनियों में फैली गंदगी के रूप में दिख रहा है।
बदबू मार रही नेहरू रेलवे कॉलोनी की नालियां
हाउवाग की नेहरू रेलवे कॉलोनी
की दोनों उद्यान तो दुर्दशा को प्राप्त है ही वही यहां पर नालों की सफाई न होने के कारण बदबू मार रही हैं जिससे कॉलोनी वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जवाबदेह हाथ पैर हाथ धर के बैठे हुए हैं। इस संबंध में कॉलोनी वासियों ने यश भारत को बताया कि इन नालों की सफाई लंबे समय से न होने के कारण गंदगी से पटे हुए हैं जिससे उठाती दुर्गंध के कारण बीमारी होने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। कॉलोनी की इन तमाम समस्याओं की जानकारी संबंधितों को काफी समय पहले दी जा चुकी है बावजूद इसके यहां की साफ सफाई व्यवस्था ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है।
रेलवे की हैं 10 कालोनियां
नेहरू रेलवे कॉलोनी वासियों ने बताया कि रेल कर्मचारी एवं ऑफीसरों के लिए रेलवे द्वारा 10 रेलवे कॉलोनी है जिनमें से बजरंग कालौनी सुभाष कालौनी प्रकाश कालौनी रेल सौरभ कालौनी प्रेम नगर कालौनी नेहरू कॉलोनी अपर लाइन कालौनी रेल अस्पताल कॉलोनी एवं लोको तलैया सम्मिलित है। इन कॉलोनी में कुछ कॉलोनी को छोड़कर शेष कॉलोनी के उद्यान बदहाल हालत में पड़े हुए हैं। इनकी साफ सफाई समय पर न होने के कारण उद्यान में जगह-जगह कचरे के ढेर एवं गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
बारिश में निकल रहे जीव जंतु
कॉलोनी एवं दोनों उद्यानों की साफ सफाई न होने के कारण इस जगह से बारिश के मौसम में जहरीले जीव जंतु निकल रहे हैं। जिससे कॉलोनी वासियों में भय बना रहता है।
क्या कहते हैं अधिकारी …
रेलवे कॉलोनी एवं उद्यानों में मेडिकल एवं कमर्शियल विभाग दोनों मिलकर साफ सफाई की योजना बना रहे हैं बहुत ही जल्द साफ सफाई का कार्य शुरू हो जाएगा।
डॉ. मधुर वर्मा
सीनियर डीसीएम जबलपुर रेल मंडल