उतरप्रदेशदेश

कसया तहसील में ‘परिवार राज’! ट्रांसफर आदेश को ठेंगा दिखाकर कुर्सी से चिपके लेखपाल राधेश्याम सिंह

बेटी-दामाद भी इसी तहसील में तैनात, आखिर किसके दम पर चल रहा पूरा खेल?

कुशीनगर। जनपद का कसया तहसील इन दिनों शासन के आदेशों से नहीं, बल्कि रसूखदारों की पकड़ से चलती हुई दिखाई दे रही है। तहसील में तैनात लेखपाल राधेश्याम सिंह को लेकर उठ रहे सवाल अब व्यवस्था की निष्पक्षता पर सीधा तमाचा बन गया हैं। आरोप है कि तबादला आदेश जारी होने और रिलीव करने के स्पष्ट निर्देश के बावजूद राधेश्याम सिंह की कसया तहसील से मोहभंग नही हुआ है और वहा वर्षो से जमे हुए हैं।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राधेश्याम सिंह अकेले नहीं हैं। उनकी बेटी और दामाद भी इसी तहसील में लेखपाल पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। यानी पूरी तहसील को मानो “पारिवारिक जागीर” बना दिया गया हो। सवाल यह है कि आखिर किस नियम-कानून के तहत एक ही परिवार के तीन सदस्य एक ही तहसील में वर्षों से जमे हुए हैं?

सूत्र बताते हैं कि वर्ष 2025 में शासन स्तर से राधेश्याम सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया था। 30 नवंबर 2025 के बाद हर हाल में रिलीव करने का आदेश भी जारी हुआ। लेकिन आदेश फाइलों में दम तोड़ता रहा और लेखपाल साहब आज भी उसी कुर्सी पर विराजमान हैं। इससे स्पष्ट है कि कसया तहसील में शासन नहीं, बल्कि रसूख चलता है।

तहसील परिसर में चर्चा है कि बेटी और दामाद की पकड़ के जरिए तहसील प्रशासन को पूरी तरह “मैनेज” कर लिया गया है। आरोप तो यहां तक लग रहे हैं कि प्रभावशाली लोगों संरक्षण के चलते ट्रांसफर आदेश को कूड़ेदान में डाल दिया गया। अगर यह सच है तो यह सिर्फ एक कर्मचारी का मामला नहीं, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल है।

आम कर्मचारियों को आदेश मिलते ही तत्काल रिलीव कर दिया जाता है। लेकिन यहां मामला अलग है। यहां आदेश भी बेबस है और अधिकारी भी मौन। आखिर क्यों? क्या शासन के नियम सिर्फ कमजोर कर्मचारियों के लिए हैं? क्या रसूखदारों के लिए अलग कानून लिखा गया है? कसया तहसील में अब यह चर्चा आम हो चुकी है कि बिना राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण के कोई कर्मचारी ट्रांसफर के बाद महीनों नहीं टिक सकता। ऐसे में सवाल सीधा है आखिर राधेश्याम सिंह को बचा कौन रहा है?अब देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है या फिर लेखपाल के रसूख के आगे बौना बन जाता है।

स्थानांतरण आदेश

अपर जिलाधिकारी द्वारा दिनांक 25 जून – 2025 को जारी पत्रक संख्या – 1468(4) मे आदेश दिया गया है कि
जिलाधिकारी के आदेश दिनांक 24 जून 2025 द्वारा पूर्व आदेश दिनांक 16 जून 2025 से तहसील कसया से तमकुहीराज तहसील में स्थानान्तरित लेखपाल राधेश्याम सिंह का स्थानान्तरण माह नवम्बर 2025 तक रोकते हुए तहसील कसया से कार्यमुक्त न किये जाने तथा माह नवम्बर 2025 के पश्चात कार्यमुक्त किये जाने का आदेश पारित किया गया है। तत्क्रम में लेखपाल राधेश्याम सिंह कसया तहसील से माह नवम्बर 2025 के पश्चात तहसील तमकुहीराज के लिए कार्यमुक्त किये जायेगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button