यश भारत ब्रेकिंग – बड़कुल होटल लाठीचार्ज प्रकरण – उच्च न्यायालय से सीबीआई जांच की माँग को लेकर हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल

जबलपुर। बड़कुल होटल में हुए कथित लाठीचार्ज प्रकरण को लेकर मामला अब माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष पहुंच गया है। इस संबंध में प्रभावित पक्ष द्वारा संविधान के अनुच्छेद 226 के अंतर्गत एक रिट याचिका दाखिल की गई है, जिसमें पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराए जाने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता राजकुमार जैन, राहुल जैन, प्रतीक जैन, अमन जैन, अर्पण जैन एवं अभिषेक जैन द्वारा दायर याचिका में यह आरोप लगाया गया है कि बड़कुल होटल में घटित घटना के दौरान पुलिस द्वारा अनावश्यक एवं अत्यधिक बल का प्रयोग किया गया, जो कानून द्वारा निर्धारित सीमाओं से परे है। याचिका में कहा गया है कि पुलिस की उक्त कार्रवाई से याचिकाकर्ताओं के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ है।
याचिकाकर्ताओं ने याचिका में मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच एजेंसी से कराई जाए, ताकि घटना के वास्तविक तथ्यों का निष्कर्ष सामने आ सके। इसके साथ ही याचिका में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विधि के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते न्यायिक हस्तक्षेप नहीं किया गया, तो इससे कानून के शासन (Rule of Law) पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा ।संभावना जताई जा रही है कि आगामी सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा राज्य शासन, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित पक्षों से जवाब/प्रतिवेदन तलब किया जा सकता है।
फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है और आगे की कार्यवाही न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।







