ट्रेनों में बढ़ाई जाएंगी दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं – सुरक्षा को लेकर हुई को आर्डिनेशन रिव्यु मीटिंग

ट्रेनों में बढ़ाई जाएंगी दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं
– सुरक्षा को लेकर हुई को आर्डिनेशन रिव्यु मीटिंग
भोपाल यशभारत। ट्रेनों में दिव्यांगों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय की अध्यक्षता में को आर्डिनेशन रिव्यु मीटिंग हुई। इस बैठक में अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री एवं प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी प्रवीन खोराना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके आलावा जबलपुर, भोपाल एवं कोटा के मंडल रेल प्रबंधक भी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल रहे। बैठक में अधोसंरचना कार्य, सेफ्टी, रेलगाडिय़ों के संरक्षित एवं सुरक्षित परिचालन पर जोर देने पर बात हुई। इसके साथ ही प्रमुखता से दिव्यांगजन के लिए रेल सुविधाओं, अधोसरंचनात्मक कार्यों के अंतर्गत चल रहे फुट ओवर ब्रिज की समीक्षा जैसे अनेक विषयों पर विचार विमर्श किया गया। महाप्रबंधक ने पश्चिम मध्य रेलवे में चल रही रेल परियोजनाओं और विकासात्मक अधोसरंचना कार्यों के निर्धारण, समाप्ति क्रियान्वयन और प्रगति के लिए पश्चिम मध्य रेल के पूंजी व्यय योजना पर विस्तार से चर्चा की।
महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षा पश्चिम मध्य रेलवे की प्राथमिकता हैं। उन्होंने ने संरक्षा एवं सुरक्षा के संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने संरक्षा से सम्बंधित सुधारों को योजनाबद्ध तरीके से पालन करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने ट्रेनों की पंक्चुअलिटी मॉनिटर करने, एवं ट्रेनों की स्पीड सबंधी कार्यों तथा सेफ्टी पर जोर देने की बात कही। मीटिंग के दौरान महाप्रबंधक ने दिव्यांगजन यात्रियों की रेल सुविधाओं को विस्तारित करने के लिए विशेष जोर देने की बात कही साथ उनकी रेल यात्री सुविधाओं में स्टेशनों पर आवागमन हेतु बेहतर रैम्प, ब्रेल लिपि साइनेज बोर्ड, अलग से अतिरिक्त शौचालय जैसे निर्माण कार्यो को समय-सीमा में कराए जाएं।







