हबीबगंज पुलिस ने दो बड़ी चोरियों का खुलासा कर शातिर चोर को दबोचा

हबीबगंज पुलिस ने दो बड़ी चोरियों का खुलासा कर शातिर चोर को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी की हबीबगंज थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सूने मकानों और हॉस्टलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने करीब 2 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी आर्यन चौहान उर्फ अनिकेत उर्फ डागी अर्जुन नगर, टीटी नगर का रहने वाला है, जिसके खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शादी में गए परिवार के सूने घर को बनाया निशाना
घटनाक्रम के अनुसार, पहली वारदात शिवाजी नगर की है। शिकायतकर्ता रुचि बेलवंशी ने पुलिस को बताया कि वे 20 जनवरी को परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने छिंदवाड़ा गई थीं। जब वे 23 फरवरी को वापस लौटीं, तो उनके घर का ताला टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोर घर के अंदर से एलजी कंपनी की एलसीडी टीवी, एक जोड़ी चांदी की पायल और तांबे का कलश चोरी कर ले गया था। हबीबगंज पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वर्किंग वुमेन हॉस्टल में भी बोला धावा
चोरी की दूसरी वारदात भी शिवाजी नगर स्थित कल्याणी वर्किंग वुमेन हॉस्टल में हुई। यहां रहने वाली ऋतु त्रिवेदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वे 20 फरवरी को इंदौर गई थीं, तभी दरमियानी रात चोर ने हॉस्टल के मुख्य गेट और उनके कमरे का ताला तोड़ दिया। चोर ने उनके बैग में रखा लेनोवो कंपनी का लैपटॉप पार कर दिया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी बीच विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही 5 नंबर वाइन शॉप के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी आर्यन चौहान को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सूने मकान और वर्किंग वुमेन हॉस्टल में चोरी की दोनों वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है और उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।







