ओंकारेश्वर में 21 अप्रैल तक मनाया जाएगा एकात्म पर्व

ओंकारेश्वर में 21 अप्रैल तक मनाया जाएगा एकात्म पर्व
भोपाल, यश भारत। आदि गुरु आचार्य शंकर के प्रकटोत्सव के अवसर पर 17 से 21 अप्रैल तक ओंकारेश्वर स्थित मांधाता पर्वत पर बने एकात्म धाम में पंच दिवसीय एकात्म पर्व का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री इस दौरान अद्वैत लोक और अक्षर ब्रह्म प्रदर्शनी का लोकार्पण करेंगे तथा वैदिक अनुष्ठान में भी शामिल होंगे।
महोत्सव के दौरान अद्वैत वेदांत और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विमर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश के संत, विद्वान और चिंतक अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में अद्वैत और युवा पीढ़ी, अद्वैत और पर्यावरण, अद्वैत और वैश्विक शांति तथा आधुनिक तकनीक जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े विषयों पर भी संवाद होगा।
सांस्कृतिक संध्या के तहत देश के प्रमुख कलाकार शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। 21 अप्रैल को वैशाख शुक्ल पंचमी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम शंकरावतरणम् आयोजित होगा, जिसमें संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित कई संत और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इसी दिन नर्मदा तट पर आयोजित दीक्षा समारोह में देश-विदेश के 700 से अधिक युवा शंकरदूत के रूप में दीक्षा लेंगे।







