
कछपुरा में शासकीय सीलिंग भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 80 फीसदी निर्माण ध्वस्त
जबलपुर, यशभारत। कछपुरा क्षेत्र में शासकीय सीलिंग भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अधारताल तहसील के राजस्व अमले ने कार्रवाई शुरू कर दी है। करीब 3,500 वर्गफुट शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए मंगलवार को प्रशासन की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और निर्माण हटाने की कार्रवाई की। तहसीलदार अधारताल के अनुसार कछपुरा स्थित उक्त भूमि शासकीय सीलिंग भूमि है। इस पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता द्वारा ‘गणेश मंडपम’ नाम से भवन का निर्माण किया गया था। राजस्व विभाग की ओर से पूर्व में संबंधित व्यक्ति को न्यायालय तहसीलदार अधारताल के माध्यम से नोटिस जारी कर शासकीय भूमि से अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई और जेसीबी की मदद से निर्माण हटाना शुरू किया।
अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान अब तक करीब 80 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा चुका है। शेष हिस्से को भी हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।






