जीआरपी की खंडहर बिल्डिंग की छत पर मिली लाश, क्षेत्र में फैली सनसनी
शव करीब 5 से 6 दिन पुराना हो रहा है

जबलपुर,यशभारत। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जीआरपी एसपी ऑफिस के सामने स्थित जीआरपी की खंडहरनुमा बिल्डिंग की छत पर एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में शव किसी पुरुष का होना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शव करीब 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल मुश्किल बना हुआ है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर पहचान के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौत प्राकृतिक है, हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है।







