रांझी में पानी भरने को लेकर विवाद: पड़ोसियों ने 12 वर्षीय किशोरी से की बेरहमी से मारपीट
अस्पताल में भर्ती

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के मुंडीटोरिया इलाके में पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल किशोरी को उपचार के लिए रांझी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पानी भरने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि नरबद कोल, उसके बेटे तथा अन्य परिजनों ने मिलकर नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर किशोरी की पिटाई की, जिससे उसके पेट और सिर में अंदरूनी चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजन घायल किशोरी को तत्काल रांझी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। इस मामले में रांझी पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







